माजरी क्षेत्र के नागलोंन-पटाला भाग-2 खुली खदान में गुरुवार सुबह ग्रेडर के नीचे दबने से वेकोलि कर्मचारी सजीवन राम (50), निवासी माजरी कालरी की दर्दनाक मौत हो गई.घटना के बाद खदान परिसर में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार सजीवन राम रोज की तरह हाजरी लगाकर अपने दुपहिया वाहन से ड्यूटी स्थान के लिए जा रहा था, तभी ग्रेडर आपरेटर चन्दन कैथल मशीन को विपरीत दिशा में रिवर्स ले रहा था, मशीन की ऊँचाई अधिक होने के कारण चालक के दृष्टि से आगे का हिस्सा नहीं दिखाई दे रहा था, जिससे चालक मशीन से निकलते हुए सजीवन राम और उनके वाहन को कुछ दूरी तक घसीटता चला गया.
कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद डोजर चालक ने रास्ते में घायल अवस्था में पड़े सजीवन राम को देखा और तुरंत वरिष्ठों को सूचना दी.आनन-फानन में घायल को माजरी वेकोलि क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उपस्थित डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद माजरी क्षेत्र के महाप्रबंधक राकेश प्रसाद तथा उप महाप्रबंधक व माजरी उपक्षेत्र के उपक्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को यथोचित सहायता देने का आश्वासन दिया. पुलिस और वेकोलि की टीम ने मौके पर जाकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है.घटना की ओर से मशीन संचालन की प्रक्रिया, सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुपालन और संभावित मानवीय या तकनीकी त्रुटियों की विवेचना की जा रही है.घटना के बाद खदान में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठाये जा रहे है.
माजरी पुलिस थानेदार अमित पाण्डे ने शव का पंचनामा कर उपजिला रुग्णालय वरोरा शवविच्छेदन गृह भेज दिया है.इस घटना के बाद माजरी क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर वेकोली की खदानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।